शिवपुर बनकट प्रीमियर लीग 2026 के सेमीफाइनल में राजू इलेवन हुसैन नगर विजेता
मोहम्मद सुहेल | ब्यूरो चीफ, श्रावस्ती
इकौना क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवपुर बनकट में आयोजित शिवपुर बनकट प्रीमियर लीग 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का सेमीफाइनल मुकाबला खेल प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक रहा। यह मुकाबला राजू इलेवन हुसैन नगर और KBF 11 इटियाथोक के बीच खेला गया, जिसमें राजू इलेवन हुसैन नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 34 रनों से जीत दर्ज की, जबकि KBF 11 इटियाथोक को हार का सामना करना पड़ा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजू इलेवन हुसैन नगर की टीम ने सधी और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी KBF 11 इटियाथोक की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और लगातार विकेट गिरने के कारण निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
मैच के दौरान कौशांबी जनपद से आए खिलाड़ी संदीप पटेल उर्फ ओलगा ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में ग्राम प्रधान नरपतपुर एवं भावी जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी अरशद खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टीम को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
इस मौके पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय ग्रामीण, आयोजक मंडल के सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों की सभी ने सराहना की।









