शॉर्ट सर्किट से धान गोदाम में भीषण आग, 3690 कुंटल धान जलकर राख

करोड़ों का नुकसान

अश्विनी श्रीवास्तव
राजापुर (चित्रकूट)।राजापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रायपुर के पास तिवारी पुलिया के समीप स्थित एक धान के गोदाम में शनिवार की रात अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे में गोदाम में रखा 3690 कुंटल धान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। इस घटना में गोदाम स्वामिनी को करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, श्रेया अन्न भंडार की प्रोपराइटर प्रतिमा देवी पत्नी लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि उनके गोदाम में धान की बड़ी मात्रा में खरीद-फरोख्त के लिए भंडारण किया गया था। शनिवार की रात अचानक शॉर्ट सर्किट से गोदाम में आग लग गई। उस समय गोदाम में रहने वाला गज्जू मुंशी खेत में पानी लगाने के लिए गया हुआ था।
सुबह जब प्रतिमा देवी गोदाम पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि धान की बोरियां धू-धू कर जल रही थीं और काफी मात्रा में धान आग की चपेट में आ चुका था। इसके बाद तत्काल डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश धान जलकर नष्ट हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल आनंद कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नुकसान का आकलन कर अपनी रिपोर्ट राजापुर तहसील में सौंप दी है। प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है, वहीं पीड़ित गोदाम स्वामिनी शासन-प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रही हैं।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें