– 600 किलो लहन नष्ट, 40 लीटर कच्ची शराब बरामद
अश्वनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चित्रकूट आबकारी टीम ने अवैध मदिरा के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में लहन और कच्ची शराब बरामद की है।
आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेशानुसार तथा जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के कुशल निर्देशन में जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत जिला आबकारी अधिकारी, चित्रकूट के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने थाना कर्वी क्षेत्र के ग्राम भैरो पागा में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।
टीम द्वारा की गई तलाशी के दौरान करीब 600 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। अवैध रूप से शराब निर्माण में प्रयुक्त इस लहन को मौके पर ही विधिपूर्वक नष्ट कर दिया गया, जिससे दोबारा इसका उपयोग न हो सके।
दबिश के दौरान 40 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद की गई। इस संबंध में संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम, 1910 (यथा संशोधित) की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल प्रशासन को दें।









