​शादी से 10 दिन पहले ‘मंगेतर’ को चूना लगा प्रेमी संग फुर्र हुई दुल्हन

फतेहपुर। जिले के असोथर थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों और भरोसे की धज्जियां उड़ा दी हैं। जिस घर में 24 फरवरी को बारात आनी थी और शहनाइयाँ गूंजने वाली थीं, वहां अब सन्नाटा और बदनामी का शोर है। एक युवती अपनी शादी से ठीक 10 दिन पहले अपने कथित किशोर प्रेमी के साथ फरार हो गई।

​वाकया शनिवार दोपहर का है। युवती अपने परिजनों के साथ किशनपुर थाना क्षेत्र के नरैनी कस्बे में शादी की खरीदारी करने आई थी। बाजार में गहनों और कपड़ों की पसंद-नापसंद चल रही थी, तभी युवती ने शौच जाने का बहाना बनाया और पास के सरसों के खेत की ओर चली गई। घंटों बीत जाने के बाद जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। खोजबीन शुरू हुई तो पता चला कि दुल्हन तो ‘उड़न छू’ हो चुकी है।

​इस फरार कहानी में सबसे चौंकाने वाला मोड़ यह रहा कि युवती ने भागने से ठीक पहले अपने मंगेतर को फोन किया और खरीदारी के बहाने कुछ पैसे मंगवाए। मंगेतर ने भरोसे में आकर पैसे भेज दिए, लेकिन उसे क्या पता था कि इन्हीं पैसों से उसकी खुशियों का सौदा होने वाला है। पैसे मिलते ही युवती अपने किशोर प्रेमी के साथ बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गई।

​घर में शादी की तैयारियां जोर-शोर पर थीं, मेहमानों को न्योता जा चुका था, लेकिन इस कदम ने परिवार को कहीं का नहीं छोड़ा। फिलहाल परिजनों ने इस मामले में लोक-लाज के डर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। पूरे कस्बे में यह ‘धोखे वाली दुल्हन’ चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें