कौशाम्बी (चायल)। आगामी त्योहारों होली और रमजान को लेकर प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है और इस बार अराजक तत्वों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। रविवार को क्षेत्राधिकारी चायल और उपजिलाधिकारी चायल ने थाना संदीपनघाट व थाना चरवा परिसर में धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों और क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ एक बेहद अहम पीस कमेटी की बैठक की।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखना है। क्षेत्राधिकारी और उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी है कि किसी भी समुदाय का व्यक्ति हो, यदि उसने आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी। अधिकारियों ने साफ कहा कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें और सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि फेसबुक, व्हाट्सएप या इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई भी ऐसी भ्रामक या उत्तेजक पोस्ट शेयर न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों।
प्रशासन ने ग्राम प्रधानों और संभ्रांत नागरिकों को जिम्मेदारी सौंपी है कि वे अपने गांवों में भाईचारा बनाए रखें और त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए लोगों को प्रेरित करें। बैठक में सख्त निर्देश दिए गए कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे या किसी अप्रिय घटना की आशंका हो, तो बिना देर किए तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा के लिए 24 घंटे मुस्तैद है, लेकिन शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।









