राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण व उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में श्रावस्ती में मेगा सेवा शिविर,4889लाभार्थियों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

संवादाता मोहम्मद सुहेल खान

 

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रावस्ती द्वारा रविवार, 22 फरवरी 2026 को तथागत सभागार, कलेक्ट्रेट भिनगा में मेगा/बृहद सहायता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्तियों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं विधिक सेवाओं का सीधा लाभ पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश राकेश धर दुबे के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी जनपद न्यायाधीश/अपर जिला जज अवनीश कुमार गौतम उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य आमजन को त्वरित, सुलभ एवं निःशुल्क न्याय उपलब्ध कराना है तथा ऐसे मेगा शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को पात्र व्यक्तियों तक सीधे पहुंचाया जा रहा है।

मेगा शिविर में जनपद के समस्त सरकारी विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) की सक्रिय सहभागिता रही। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत कुल 5489 लाभार्थियों की पहचान एवं पंजीकरण किया गया, जिनमें से 4889 लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल तथा जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रावस्ती विनीत कुमार यादव ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर एवं चूल्हे का वितरण किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रदुम्न कुमार मिश्रा द्वारा बैंक संचालित मुद्रा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। अपर जिला अधिकारी (न्यायिक) अशोक कुमार ने समाज कल्याण विभाग की ओर से वृद्धा पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र पात्र अभ्यर्थियों को प्रदान किए।

सचिव आपदा प्रबंधन/इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी अरुण मिश्रा द्वारा लाभार्थियों को फोल्डिंग कमोड वितरित किए गए। परियोजना निदेशक अश्वनी कुमार ने पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराकर उन्हें पांच लाख रुपये तक की निःशुल्क उपचार सुविधा से जोड़ा गया।

शिविर में चिकित्सा विभाग द्वारा विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर, मधुमेह जांच तथा महिलाओं से संबंधित रोगों की जांच की व्यवस्था की गई। मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया तथा मोतियाबिंद के ऑपरेशन हेतु पात्र मरीजों का चिन्हांकन भी किया गया।

कार्यक्रम में अपर जिला जज (पॉक्सो) निर्दोष कुमार, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह, न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय इकौना अमर सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अमरेंद्र कुमार वर्मा, उपनिदेशक कृषि सुरेंद्र चौधरी, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी डॉ. अजीत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका भिनगा डॉ. अनीता शुक्ला, मॉडल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश चंद्र तिवारी, महामंत्री सतीश चंद्र मौर्य, विष्णु दत्त अस्थाना, आयुष्मान भारत समन्वयक गोविंद शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, एलएडीसी अधिवक्ता, पीएलवी तथा प्रशासनिक एवं न्यायिक विभाग के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक कुमार शर्मा, एडवोकेट पैनल लॉयर द्वारा किया गया।

मेगा सहायता एवं सेवा शिविर के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों को एक ही मंच पर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हुआ, जिससे आमजन में उत्साह एवं संतोष का वातावरण देखने को मिला।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें