- जीतशाह शिव मंदिर, जानकीरमण सरकार मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर व यज्ञशाला होगा रोशन
- डीआरडीए के सर्वे के बाद स्थान चिह्नित एक माह में कार्य पूर्ण कराने का आश्वासन
धनंजय पांडेय
कुशीनगर तमकुही विकास खंड के ग्राम पंचायत राजापाकड़ स्थित जीतशाह शिव मंदिर, जानकीरमण सरकार मंदिर,अंजनी नंदन पंचमुखी हनुमान मंदिर व नवनिर्मित यज्ञशाला परिसर के मेला स्थल पर शीघ्र ही हाईमास्ट लाइट स्थापित की जाएगी। यह कार्य क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र कुशवाहा की विधायक निधि से कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि मेला स्थल पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने से श्रद्धालुओं व ग्रामीणों को असुविधा होती थी। हाईमास्ट लाइट लगने से धार्मिक आयोजनों, मेलों व अन्य कार्यक्रमों के दौरान रात्रि में भी सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित होगी। यह कार्य क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर कराया जा रहा है। इसके लिए डीआरडीए के अवर अभियंता केके मिश्र ने मौके पर पहुंचकर सर्वे किया व हाईमास्ट लाइट के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित किया। कार्यदायी संस्था आरईडी के जेई संतोष कुमार ने बताया कि औपचारिकताएं पूरी की जा रहा हैं व एक माह के भीतर हाईमास्ट लाइट स्थापित कर दी जाएगी।
इस अवसर पर महंथ गुप्ता, पप्पू यादव, विजय श्रीवास्तव, मुकेश यादव, राजनरायण उर्फ चुन्नू मिश्र, हरेंद्र यादव, भोलू यादव व छोटे ठाकुर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।









