आबकारी टीम की बड़ी कार्रवाई,तीन गिरफ्तार

– 200 किलो लहन नष्ट, 28 लीटर अवैध शराब जब्त

 

अश्विनी श्रीवास्तव

चित्रकूट। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में लहन नष्ट किया और अवैध शराब बरामद कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर तथा जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के कुशल निर्देशन में की गई। जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए लगातार दबिश दी जा रही है।

 

जिला आबकारी अधिकारी, चित्रकूट के नेतृत्व में विभागीय टीम ने थाना कर्वी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पुरवा तरौंहा एवं चितरा गोकुलपुर में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने गहन तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान करीब 200 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त इस लहन को मौके पर ही विधि-विधान के अनुसार नष्ट कर दिया गया, जिससे अवैध शराब निर्माण की बड़ी साजिश को विफल कर दिया गया।

 

दबिश के दौरान टीम ने 28 लीटर अवैध शराब भी बरामद की। मौके से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम, 1910 (यथा संशोधित) की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

 

जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध मदिरा के व्यापार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण व बिक्री में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी तेज गति से चलता रहेगा।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें