धनंजय पांडेय
कुशीनगर विकास खंड पडरौना के बीआरसी परिसर में मंगलवार को ग्राम प्रधान, एसएमसी अध्यक्ष एवं प्रधानाध्यापकों की ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक मनीष जायसवाल, नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल व बीईओ सुरेंद्र बहादुर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया।कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, छात्र नामांकन बढ़ाने, निपुण लक्ष्य की प्राप्ति तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी बुनियादी शिक्षा मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों, ग्राम प्रधानों एवं एसएमसी अध्यक्षों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि विद्यालयों में नामांकन बढ़े और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल ने कहा कि नगर क्षेत्र के विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल व अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है।बीईओ सुरेंद्र बहादुर सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि निपुण भारत मिशन, नामांकन अभियान व डीबीटी योजना का लाभ पात्र छात्रों तक समय से पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानाध्यापकों से शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।कार्यक्रम का संचालन रविंद्र नारायण पांडेय ने किया। इस दौरान जूशिसं के जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत मणि त्रिपाठी, राशैसं के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप पांडेय, ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण पांडेय, मंत्री कुंजेश्वर सिंह, अमरदीप शुक्ल,सुनील दुबे,विजय तिवारी, राकेश पांडेय, राकेश यादव, आकाश सिंह, नित्यानंद मिश्र, संजय सिंह, तारकेश्वर शुक्ल, दुर्गेश त्रिपाठी, देवेन्द्र मिश्र, आनंद सिंह, आलोक श्रीवास्तव, शिवकुमार पांडेय, शरद गुप्त, अतीश राय, उमाशंकर सिंह, ब्यास सिंह, शैलेष शुक्ल, गीता चतुर्वेदी, सुनील मिश्रा, दीपशिखा विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।









