फतेहपुर। विजयीपुर विकासखण्ड के अंतर्गत शनिवार को साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होना था। जिसमें चुनाव अधिकारी पर सत्ता के दबाव में आकर चुनाव में धांधली का आरोप लगा है। चुनाव अधिकारी पर धांधली का आरोप लगा किसानों ने जमकर हंगामा किया।
आरोप है कि शनिवार को कूरा साधन सहकारी समिति में अध्यक्ष पद हेतु चुनाव होना था। चुनाव की प्रक्रिया सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच होनी थी। लेकिन इस दौरान चुनाव अधिकारी द्वारा अध्यक्ष पद की चुनाव में पारदर्शिता नहीं बरती गई। किसानों ने हंगामा करते हुए चुनाव अधिकारी पर सत्ता के दबाव में आकर चुनाव को प्रभावित कर धांधली करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि चुनाव अधिकारी समय से पहले ही साधन सहकारी समिति में पहुंचा और वहा पर रखे पर्चे व रसीद उठा फरार हो गया। इस दौरान चुनाव अधिकारी से फोन पर सम्पर्क किया गया तो उनका फोन भी बंद आया। किसानों ने चुनाव अधिकारी पर जानबूझकर कर चुनाव प्रक्रिया में बांधा उत्पन्न कर मनमानी तरीके से अध्यक्ष पर का चुनाव करने का आरोप लगाया है। चुनाव अधिकारी के फरार होने के बाद नाराज किसानों ने समिति के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा करते हुए किसानों ने जमकर नारेबाजी की। वही एक पक्ष की तरफ से महेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि उनका बोर्ड बन गया है। उनके पास आठ में से छः डायरेक्टर है जबकि विपक्षी के पास महज दो डायरेक्टर इस वजह से चुनाव प्रक्रिया में धांधली कर मनमानी तरीके से अध्यक्ष पद का चयन करना चाहता है। किसानों ने बताया कि लापरवाही चुनाव अधिकारी के खिलाफ जिलाधिकारी से शिकायत पर कार्यवाही की मांग की जाएगी।









