UP पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर ADG जोन प्रयागराज एक्शन में, कोखराज के नेशनल इंटर कॉलेज में परखीं तैयारियां

जगदम्बा प्रशाद कौशाम्बी। आगामी 14 और 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में आज एडीजी जोन प्रयागराज श्री ज्योति नारायण ने कौशाम्बी के कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत भरवारी स्थित नेशनल इंटर कॉलेज का सघन निरीक्षण किया। वहां चल रहे रिहर्सल का जायजा लेते हुए उन्होंने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और कक्ष व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।

​निरीक्षण के दौरान एडीजी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा संपन्न होने तक हर प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुसार ही होनी चाहिए और केंद्र पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि उन्हें किसी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

​इस अवसर पर एडीजी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान अत्यधिक सतर्कता बरतने और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी राजेश कुमार सहित विभाग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

 

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें