जनसुनवाई में आए लोगों के प्रार्थना पत्रों पर दिए त्वरित और निष्पक्ष जांच के निर्देश*
कौशाम्बी। आमजन की समस्याओं के प्रभावी और त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस कार्यालय कौशाम्बी में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने जनसुनवाई की। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए, जिन्हें एसपी ने गंभीरता से सुना।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों को मौके पर जाकर त्वरित और निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ितों को वास्तविक न्याय और राहत मिलनी चाहिए।
एसपी राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा मजबूत हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका प्रभावी समाधान करना है।








