गैस की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, बेड़ी पुलिया क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी

 

– अमानपुर की दुकान से 21 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद, दुकानदार दुकान बंद कर फरार

 

अश्विनी श्रीवास्तव

चित्रकूट। जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने शनिवार को मुख्यालय क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए बेड़ी पुलिया इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान अमानपुर स्थित एक दुकान से 21 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। कार्रवाई की भनक लगते ही दुकानदार दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया।

 

प्रशासन की इस अचानक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिराकर इधर-उधर खिसकते नजर आए।

 

जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान एसडीएम सदर पूजा साहू, सीओ सिटी अरविंद कुमार वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी कमल नयन सिंह, तहसीलदार चंद्रकांत तिवारी और कोतवाली प्रभारी श्याम प्रताप सिंह पटेल भारी पुलिस बल के साथ बेड़ी पुलिया क्षेत्र पहुंचे और संदिग्ध दुकानों की जांच शुरू की।

 

छापेमारी के दौरान अमानपुर स्थित एक दुकान की तलाशी लेने पर वहां से 21 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें एचपी और इंडेन कंपनी के सिलेंडर शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारियों ने बरामद सिलेंडरों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार दुकानदार की तलाश भी की जा रही है।

 

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी के मद्देनजर यह अभियान चलाया गया है।

 

अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई अभी जारी है और मुख्यालय क्षेत्र की कई अन्य दुकानों पर भी छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें