क्रशर संचालक के ठिकानों पर एसआईबी का छापा, 20 लाख की जीएसटी चोरी पकड़ी

 

– व्हाइट हाउस समेत तीन स्थानों पर हुई कार्रवाई, कैश काउंटर से 1.60 लाख रुपये मिले

 

अश्विनी श्रीवास्तव

चित्रकूट। शहर के बड़े क्रशर और पत्थर खदान संचालक महेश प्रसाद जायसवाल के ठिकानों पर राज्य कर विभाग की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (एसआईबी) की टीम ने छापा मारकर करीब 20 लाख रुपये की जीएसटी चोरी पकड़ ली। कार्रवाई के दौरान टीम ने व्हाइट हाउस सहित तीन स्थानों पर एक साथ जांच की और आय-व्यय के दस्तावेज खंगाले।

राज्य कर विभाग के अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कैश काउंटर से 1.60 लाख रुपये नकद भी मिले। प्रारंभिक जांच में कर चोरी सामने आने के बाद संचालक को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर राशि जमा करने के निर्देश दिए जाएंगे।

 

– तीन जगहों पर एक साथ जांच

 

राज्य कर विभाग की एसआईबी के संयुक्त कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा के निर्देश पर डिप्टी कमिश्नर अवध कुमार पटेल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम सबसे पहले भरतकूप के गोडा स्थित क्रशर और पत्थर खदान पहुंची।

टीम के साथ सहायक आयुक्त जुबेर अहमद, वरुण कुमार, नदीम खान, राज्य कर अधिकारी सुमित कुमार, राज कुमार गुप्ता समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

– कागजों में चालू, मौके पर बंद मिला क्रशर

 

जांच के दौरान टीम को क्रशर करीब तीन महीने से बंद मिला, जबकि दस्तावेजों में इसे दो दिन पहले संचालित दिखाया गया था। मौके पर किसी तरह का कामकाज नहीं चल रहा था। इसके बाद टीम पत्थर खदान पहुंची, जहां कागजातों की जांच की गई।

बताया गया कि खदान भी करीब दो महीने से बंद है। यहां से टीम को कोई खास दस्तावेज नहीं मिले।

 

– व्हाइट हाउस में खंगाले गए दस्तावेज

 

इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे एसआईबी टीम बेड़ी पुलिया स्थित एमपी जायसवाल के ‘व्हाइट हाउस’ पहुंची। यहां संचालक महेश प्रसाद जायसवाल और कर्मचारियों से पूछताछ की गई। टीम ने क्रशर, खदान, वाहनों और जमीन से जुड़े दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया।

 

– सात दिन में जमा करनी होगी राशि

 

संयुक्त कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि जांच में करीब 20 लाख रुपये की जीएसटी चोरी सामने आई है। संचालक को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर राशि जमा करने का निर्देश दिया जाएगा। आगे की जांच भी जारी है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें