सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार की खबर चलाने पर भड़के पीडब्ल्यूडी जेई, पत्रकार को मुकदमे की दी धमकी

– ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल, ग्रामीणों ने लगाया घटिया निर्माण का आरोप

 

अश्विनी श्रीवास्तव

चित्रकूट। जनपद चित्रकूट की मऊ तहसील क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार की खबर सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मैदाना चौराहे से मैदाना कोलुहा बबुरा संपर्क मार्ग पर पीडब्ल्यूडी द्वारा कराए जा रहे डामरीकरण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध जताया है। वहीं इस मामले की खबर प्रसारित होने के बाद पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर पर पत्रकार को मुकदमा लिखवाने की धमकी देने का आरोप लगा है।

 

ग्रामीणों के अनुसार मैदाना चौराहे से मैदाना कोलुहा बबुरा संपर्क मार्ग पर सड़क का डामरीकरण कार्य चल रहा है, लेकिन निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले से बनी सड़क के ऊपर केवल नाम मात्र की छर्री डालकर उसे रोलर से दबा दिया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह से बनाई जा रही सड़क कुछ ही समय में खराब हो सकती है।

बताया जा रहा है कि जब इस पूरे मामले की कवरेज एक स्थानीय पत्रकार द्वारा की गई और खबर प्रसारित हुई तो पीडब्ल्यूडी के जेई कथित रूप से बौखला गए। आरोप है कि उन्होंने फोन पर पत्रकार को मुकदमा लिखवाने की धमकी दी। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि पत्रकार समाज का चौथा स्तंभ होता है, जिसका काम जनता की समस्याओं और सरकारी कार्यों की सच्चाई को सामने लाना है। ऐसे में यदि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को उजागर करने पर पत्रकारों को ही धमकाया जाए तो यह चिंताजनक स्थिति है।

 

ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में हो रही अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

वहीं लोगों ने जनपद के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग से मामले को संज्ञान में लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि पत्रकारों पर दबाव बनाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा और पत्रकारों का मनोबल भी प्रभावित होगा।

फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें