जिला क्राइम संवाददाता जगदम्बा प्रशाद
कौशाम्बी | नेशनल हाइवे-19 पर कोखराज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के सामने शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जियो पेट्रोल पंप के पास खड़े एक डीजल टैंकर (UP 78 KN 9107) में पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम (UP 70 HT 4442) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर की बॉडी फट गई और देखते ही देखते हजारों लीटर डीजल सड़क पर बहने लगा। सड़क पर डीजल की नदी बहती देख आसपास के ग्रामीणों में उसे लूटने की होड़ मच गई, जिससे मौके पर भारी हंगामा और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शहजादपुर चौकी पुलिस और कोखराज थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और डीजल भरने में जुटे ग्रामीणों को खदेड़कर स्थिति पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि डीसीएम कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि इस टक्कर में किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटवाया, जिसके बाद बाधित हुआ यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सका। पुलिस के मुताबिक फिलहाल कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है और तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।









