जिला क्राइम संवाददाता जगदम्बा प्रशाद
कौशाम्बी | पिपरी थाना क्षेत्र के औधन गांव में शुक्रवार की आधी रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने पूर्व प्रधान बादाम सिंह की ताबड़तोड़ फायरिंग कर बेरहमी से हत्या कर दी। साल 2010 से 2015 तक गांव की प्रधानी संभाल चुके बादाम सिंह रात के वक्त एक निर्माणाधीन गौशाला में अपने साथी बुधराम के साथ ठहरे हुए थे। हमलावरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर उन पर धावा बोला और जब तक कोई कुछ समझ पाता, पूर्व प्रधान का शरीर गोलियों से छलनी हो चुका था। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पास में ही मौजूद उनके साथी बुधराम को खरोंच तक नहीं आई, जिससे यह पूरी वारदात और भी रहस्यमयी हो गई है।
वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और भारी पुलिस बल के साथ सीओ अभिषेक सिंह व एसपी राजेश कुमार ने खुद घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रमुख प्रतिनिधि संदीप मिश्रा ने भी मौके पर पहुंचकर इस दुस्साहसिक हत्या पर गहरा रोष जताया और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के साथी बुधराम को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस पुरानी रंजिश और चुनावी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। एसपी ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं, जिससे अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।









