अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। कर्वी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पथरौंडी में नालियों की सफाई लंबे समय से न होने के कारण ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण नरेंद्र कुमार ने आरोप लगाते हुए बताया कि करीब एक वर्ष से गांव में नियमित सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं और गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे न केवल आवागमन में दिक्कत हो रही है, बल्कि पूरे इलाके में दुर्गंध भी फैली हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर छोटे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। गांव के लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन समस्या का अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
स्थानीय लोगों ने ग्राम प्रधान और सचिव पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जल्द से जल्द गांव में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए।









