रोहित कुमार बाराबंकी
अनिश्चितकालीन धरना शुरू, राकेश टिकैत को रिहा करो के नारों से गूंजा बाराबंकी
बाराबंकी। राकेश टिकैत की उड़ीसा में किसान पंचायत पैदल यात्रा के दौरान हुई गिरफ्तारी के विरोध में बाराबंकी में किसानों का आक्रोश उफान पर पहुंच गया है। जिले भर से जुटे किसानों ने शहर कोतवाली का घेराव करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के पदाधिकारियों और सैकड़ों किसानों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक राकेश टिकैत की रिहाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
जिला अध्यक्ष हौसला प्रसाद ने कड़े शब्दों में कहा, “हमारे नेता की गिरफ्तारी पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। जब तक उन्हें रिहा नहीं किया जाता, हम शांतिपूर्वक लेकिन मजबूती के साथ धरना जारी रखेंगे।” उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।
इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे, जिनमें जिला संरक्षक उत्तम वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर पटेल, मध्यांचल उपाध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, मध्यांचल सचिव मोहम्मद इस्माइल, प्रवक्ता बलराम यादव, मीडिया प्रभारी राजेश वर्मा, नगर अध्यक्ष संजय रस्तोगी सहित सैकड़ों किसान शामिल रहे।
फिलहाल किसान कोतवाली परिसर में डेरा डाले हुए हैं और रणनीतिक तरीके से प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं। बढ़ते आंदोलन को देखते हुए प्रशासन भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।









