ट्रैक्टर-ट्राली और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, ट्राली का टायर निकलने से हुआ हादसा; हेल्पर की मौके पर ही दर्दनाक मौत
शहजादपुर ओवरब्रिज पर हादसा: इंटरलॉकिंग ईंट लदा था ट्रैक्टर, टायर का बुश टूटने से पलटी ट्राली; ड्राइवर घायल
*जिला क्राइम संवाददाता जगदम्बा प्रशाद*
कौशाम्बी जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत शहजादपुर ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। इंटरलॉकिंग ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत में ट्रैक्टर हेल्पर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा ट्रैक्टर-ट्राली का टायर अचानक निकल जाने के कारण ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने से हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारू कराया है और ट्रेलर चालक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार (31 मार्च) सुबह करीब 9 बजे, एक पावर ट्रैक ट्रैक्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 73 M 5323) ट्राली में इंटरलॉकिंग ईंटें लादकर टेढ़ी मोड़ से कल्याणपुर की तरफ जा रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर शहजादपुर ओवरब्रिज के ऊपर पहुँचा, ट्राली के टायर का बुश अचानक टूट गया। इससे ट्राली का टायर निकल गया और ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर ही डिसबैलेंस हो गया। उसी समय पीछे से आ रहे ट्रेलर (रजिस्ट्रेशन नंबर RJ 14 N 9599) के चालक ने ट्रैक्टर को अनियंत्रित होते देख ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण ट्रेलर पीछे से ट्रैक्टर की ट्राली में जोर से टकरा गया।
इस भीषण टक्कर में ट्रैक्टर हेल्पर मनोज कुमार (पुत्र राम अवतार, निवासी सिरोही बुजुर्ग, थाना कड़ा धाम) की मौके पर ही कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं और वह सुरक्षित है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राली में लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं और ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रेलर चालक भी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने तत्काल जिला चिकित्सालय मंझनपुर भिजवाया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









