स्कूल चलो अभियान के तहत चैनपुर व तिलकपुर चौकी में निकली रैली

 

नामांकन, उपस्थिति एवं ठहराव बढ़ाने को लेकर किया गया जनजागरण

 

इकौना/श्रावस्ती (मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ):

 

जनपद श्रावस्ती के विकास खंड इकौना क्षेत्र में “स्कूल चलो अभियान” के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय चैनपुर तथा प्राथमिक विद्यालय तिलकपुर चौकी द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता रैली निकाली गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों के नामांकन, उपस्थिति एवं ठहराव को बढ़ावा देना रहा।

रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने हाथों में बैनर लेकर “सब पढ़ें, सब बढ़ें” व “हर बच्चा स्कूल जाए” जैसे नारे लगाते हुए गांव के विभिन्न मार्गों से होकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

उच्च प्राथमिक विद्यालय चैनपुर के प्रधानाध्यापक शिव नारायण तथा प्राथमिक विद्यालय तिलकपुर चौकी की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अमृता पाण्डेय के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया।

इस दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराएं और नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।

विद्यालय परिवार की ओर से बताया गया कि इस अभियान के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें