उपभोक्ताओं में आक्रोश, महंगे दाम पर कालाबाजारी की शिकायत
यूपी फ़ाइट टाइम्स
प्रयागराज। क्षेत्र में शासन-प्रशासन के आदेशों की अनदेखी कर गैस वितरण में लापरवाही और धांधली किए जाने का मामला सामने आया है। गैस एजेंसी संचालक व कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं को समय पर गैस न देने और सौतेला व्यवहार करने के आरोप लगे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार, इटवा, लालतारा, टौंगा, पौसला, सिरहिर, चांदखम्हरिया, खूंटा, बहेरा, सुजनी, खरका, कौहट, जोरवट, खपटिहा, पाठकपुर, बसगड़ी और गरगटा सहित आसपास के गांवों के उपभोक्ताओं ने महुली कला स्थित भारत गैस एजेंसी के खिलाफ नाराजगी जताई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें पिछले एक सप्ताह से एजेंसी पर बुलाया तो जा रहा है, लेकिन गैस सिलेंडर नहीं दिया जा रहा, जिससे उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि दिन में सामान्य उपभोक्ताओं को गैस नहीं दी जाती, जबकि पहचान और दबाव वाले लोगों के सिलेंडर रख लिए जाते हैं। आरोप है कि रात के समय चोरी-छिपे सिलेंडर महंगे दामों पर बेचे जा रहे हैं, जिससे कालाबाजारी की आशंका भी जताई जा रही है।उपभोक्ताओं का कहना है कि जब इस संबंध में एजेंसी संचालक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल बंद मिला। वहीं, उपजिलाधिकारी व तहसीलदार कोरांव से भी संपर्क नहीं हो सका।आक्रोशित उपभोक्ताओं ने जिला अधिकारी प्रयागराज से मामले का संज्ञान लेते हुए गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, जांच कर कार्रवाई करने तथा वितरण के दौरान संबंधित अधिकारियों व स्थानीय पुलिस की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है।









