6 मंदिरों में चोरी करने वालों का पुलिस ने किया भंडाफोड

अश्विनी श्रीवास्तव 

चित्रकूट । जनपद सहित आसपास के जिलों में मंदिरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतप्र्रांतीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाल कर्वी और एसओजी की संयुक्त टीम यह खुलासा किया है। जिसमें कुल चार चोर पकडे़ गए हैं।

 

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बीती 20 फरवरी को भरतकूप स्थित भरत मंदिर के पुजारी महंत लवलेश दास महराज ने थाने में सूचना दी कि मंदिर के दरवाजे के कुण्डा काटकर चोर भगवान की मूर्तियों के आठ चांदी के मुकुट व एक चांदी का छत्र चोरी कर ले गए है। इस सम्बन्ध में थाना भरतकूप में सम्बन्धित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। इसी प्रकार बीती 16 मार्च को थाना पहाड़ी में स्थित अकेलवा बाबा हनुमान मंदिर में व बीती छह अप्रैल को लोढ़वारा स्थित हनुमान मंदिर में भी चोरी की घटना के सम्बन्ध में पुजारी बृजेश कुमार पाण्डेय पुत्र श्यामदत्त पाण्डेय निवासी परसौजा व राजनारायण दास ने तहरीर दी थी। चोरी की इन घटनाओं के दृष्टिगत सभी घटनास्थलों का निरीक्षण कर खुलासे के लिए एसओजी व कर्वी कोतवाली टीम को लगाया गया।

 

जिसके बाद टीम ने सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सुरागों की सहायता से की गई विवेचना में पाया कि कुछ लोग एक गिरोह बनाकर मंदिरों में चोरी कर रहें है। इस पर पुलिस टीम ने सर्च अभियान चलाते हुए शनिवार को खोही तिराहा-बंदर कोल मार्ग के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपने नाम विजय कुमार शुक्ला निवासी कस्बा व थाना राजापुर तथा बाबरशाह निवासी मोहल्ला अफगानान मंडावर थाना मन्दावर जनपद बिजनौर बताए। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, जेवर, औजार, जहरीला पदार्थ व बाइक बरामद की। पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि वह लोग अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मंदिरों में चोरियां करते है। बताया कि जहरीले पदार्थ को वह लोग मिठाई में मिलाकर मंदिर के आस पास मौजूद कुत्तों को खिला देते है, जिससे उनकी मौत हो जाती है। इसके बाद वह लोग चोरी की घटना को अंजाम देते है। बताया कि आज वह अपने साथियों के साथ चोरी का सामान बेचने आगरा जा रहे थे कि पकड़ लिए गए। इन दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इनके दो साथियों मोहनलाल पटेल निवासी धरममुहापुर थाना मंझनपुर कौशाम्बी व कामता प्रसाद मौर्य निवासी रामनगर कस्बा व थाना खागा जनपद फतेहपुर को भी गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों में से कामता सोनारी का काम करता था, जो मंदिरों से चोरी करने वाले आभूषणों को गलाकर सोने-चांदी की सिल्लियों में बदल देता था। जिसे ये चारों बाजार में बेच देते थे। इन लोगों ने चित्रकूट सहित बांदा, फतेहपुर एवं सतना (म.प्र.) जनपद के विभिन्न मंदिरों में कई चोरियों की है। इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले भी पंजीकृत है।

 

गिरफ्तार करने वाली टीम में सर्विलांस टीम प्रभारी एमपी त्रिपाठी, मुख्य आरक्षी जितेन्द्र कुशवाहा, नितेश समाधिया, आरक्षी रोहित सिंह, गोलू भार्गव, ज्ञानेश मिश्रा, पवन राजपूत, रोशन सिंह व कर्वी कोतवाली प्रभारी दुर्गविजय सिंह सहित प्रभारी निरीक्षक भरतकूप उपेन्द्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष पहाड़ी प्रवीण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विवेक कुमार सिंह, शनि चतुर्वेदी, आरक्षी राहुल देव, जयनारायण पटैरिया, विपिन कुमार, अभिषेक प्रताप सिंह, मोहित कुमार व आरक्षी चालक दीप प्रताप शामिल रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें