CMP में गूंजा नारी शक्ति वंदन का संकल्प, आधी आबादी के हक पर मंथन

प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालय सीएमपी (CMP) डिग्री कॉलेज के प्रांगण में सोमवार को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023’ पर युवाओं का जोश देखते ही बना। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पंचायत से लेकर संसद तक आधी आबादी की राजनीतिक हिस्सेदारी पर न केवल मंथन किया, बल्कि इसे ‘विकसित भारत@2047’ के विजन की सबसे मजबूत कड़ी बताया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य प्रो. अजय प्रकाश खरे ने किया।

​कॉलेज परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस विमर्श में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने अपनी मौलिक सोच और तर्कों से सबका दिल जीत लिया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. चन्दन कुमार ने अधिनियम की रूपरेखा पेश करते हुए इसे महिला सशक्तिकरण का ‘मील का पत्थर’ करार दिया। इस दौरान वाद-विवाद, निबंध और प्रजेंटेशन प्रतियोगिताओं के जरिए नीति-निर्माण में महिलाओं के कम प्रतिनिधित्व के कारणों पर गंभीर चिंतन किया गया। जागरूकता को धरातल पर उतारने के लिए एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों ने एक भव्य रैली भी निकाली।

​कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। डॉ. राम चिरंजीवी के संचालन में हुए इस आयोजन में डॉ. सपना मौर्या, डॉ. पूजा गौड़, डॉ. प्रमोद शर्मा, डॉ. राजेश कुमार यादव और डॉ. यशवंत कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुए इस कार्यक्रम में कॉलेज के कई शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें