अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट।केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) नई दिल्ली द्वारा घोषित हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में चित्रकूट जनपद के होनहार छात्र आदित्य यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है। आदित्य संत थॉमस हायर सेकेंडरी स्कूल का छात्र है और उसकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
आदित्य यादव एक शिक्षक परिवार से संबंध रखते हैं। उनकी माता रचना यादव और पिता शंकर यादव दोनों ही पेशे से अध्यापक हैं। इसके साथ ही शंकर यादव वरिष्ठ पत्रकार होने के साथ नगर पालिका परिषद चित्रकूट धाम कर्वी के सभासद भी हैं। घर में शुरू से ही शिक्षा का माहौल होने के कारण आदित्य का झुकाव बचपन से ही पढ़ाई की ओर रहा।
दूरभाष पर हुई बातचीत में आदित्य ने बताया कि माता-पिता के शिक्षक होने का उन्हें काफी लाभ मिला। घर में पढ़ाई का अनुशासित वातावरण मिला, जिससे उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ती गई। उन्होंने बताया कि गणित उनका प्रिय विषय है और भविष्य में वह इंजीनियर बनकर देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
आदित्य अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हैं, लेकिन उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और लगन भी साफ दिखाई देती है। उनके पिता शंकर यादव ने बताया कि आदित्य का पढ़ाई के प्रति समर्पण असाधारण है। वह रात में एक-दो बजे तक पढ़ाई करता था। कई बार उसे आराम करने के लिए कहा जाता, लेकिन वह पढ़ाई जारी रखने की जिद करता था।
उन्होंने यह भी बताया कि गणित में आदित्य की पकड़ इतनी मजबूत है कि कोचिंग के दौरान कई बार ऐसे सवाल, जिन्हें शिक्षक तुरंत हल नहीं कर पाते थे, आदित्य उन्हें सहजता से हल कर देता था।
आदित्य की इस सफलता से परिवार, मोहल्ले, स्कूल के शिक्षकों और पत्रकार वर्ग में खुशी की लहर दौड़ गई है। सभी ने उसकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि आदित्य ने आगे की तैयारी के लिए कोटा के एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में प्रवेश भी ले लिया है, जहां वह इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा है।







