भीषण आग का कहर: 7 माह की मासूम जिंदा जली, दो घर राख

 

अश्विनी श्रीवास्तव

चित्रकूट। जिले में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। भरतकूप थाना क्षेत्र के भोला का पुरवा गांव में अचानक लगी भीषण आग ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आग की चपेट में आकर एक 7 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो कच्चे मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी राजकुमार (40) और शिवकुमार (38) पुत्र रामकिशोर के अगल-बगल बने घरों में अचानक आग लग गई। हादसे के समय शिवकुमार ट्रक लेकर बाहर गए थे और उनकी पत्नी सुमन खेत में काम करने गई थीं।

 

घर में उस वक्त शिवकुमार की तीन संतानें—दीक्षा (7 माह), नाथिया और अर्पित—मौजूद थीं। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घर के अंदर सो रही मासूम दीक्षा आग की चपेट में आ गई और झुलसने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 

वहीं, नाथिया और अर्पित ने सूझबूझ का परिचय देते हुए घर के पीछे बने खंडहरनुमा रास्ते से भागकर अपनी जान बचाई। आग की लपटों ने दोनों भाइयों के घरों में रखा सारा सामान जलाकर राख कर दिया। शिवकुमार के घर में बंधा एक बकरा भी आग में झुलसकर मर गया।

 

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

 

भरतकूप थाना प्रभारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। मृत बच्ची के मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें