संवाददाता निहाल शुक्ला
पश्चिम शरीरा (कौशाम्बी)। पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी किस कदर जानलेवा साबित हो सकती है, इसकी एक हृदयविदारक मिसाल पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में देखने को मिली। मुंबई से घर लौटे 29 वर्षीय युवक होरीलाल ने गुरुवार को जहरीला पदार्थ गटक लिया था, जिसकी शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जमीन रेहन रखने को लेकर था तनाव
जानकारी के अनुसार, होरीलाल पुत्र हीरा गुरुवार सुबह ही मुंबई से वापस अपने घर आया था। चर्चा है कि घर पहुंचते ही उसका परिवार में विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि पिता के नाम की करीब 10 बिस्वा जमीन को किसी के पास रेहन (गिरवी) रखा गया था, जिसे लेकर होरीलाल मानसिक रूप से काफी तनाव में था। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया।
अस्पताल में तोड़ा दम
हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में परिजनों ने उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहाँ नाजुक हालत देख डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया था। हालांकि, परिजन उसे लेकर मंझनपुर के न्यू तेजमती हॉस्पिटल पहुँचे, जहाँ शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर चीख-पुकार से गूंज उठा।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








