कौशाम्बी में एसपी की जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कौशाम्बी। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतों से जुड़े प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। एसपी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया।
उन्होंने थाना प्रभारियों व शाखा प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की मौके पर जाकर जांच की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, जिससे पीड़ितों को वास्तविक न्याय मिल सके।
एसपी ने यह भी निर्देश दिए कि सभी मामलों का समयसीमा के भीतर निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।










