*उदहिन बुजुर्ग में अधिकारियों की ‘चौपाल’: डीएम-सीडीओ ने सुनीं समस्याएं*
कौशाम्बी। विकास खंड सिराथू के उदहिन बुजुर्ग गांव में गुरुवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जहाँ प्रशासन खुद जनता की चौखट पर पहुँचा। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी बिनोद राम त्रिपाठी ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम की शुरुआत में खंड विकास अधिकारी सिराथू भावेश शुक्ला और ग्राम प्रधान दशरथ लाल दिवाकर ने जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी का पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया।
चौपाल के दौरान जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने गांव की बुनियादी समस्याओं को अधिकारियों के सामने मजबूती से रखा। उन्होंने उदहिन बुजुर्ग में ग्रामीणों की सुविधा के लिए एक भव्य अतिथि गृह (विवाह घर) के निर्माण और उदहिन खुर्द स्थित सरकारी अस्पताल में नियमित डॉक्टरों की नियुक्ति की पुरजोर मांग की। अजय सोनी ने अधिकारियों को अवगत कराया कि अस्पताल में डॉक्टरों की तैनाती न होने से क्षेत्र की जनता को इलाज के लिए भटकना पड़ता है। डीएम और सीडीओ ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए समुचित समाधान का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में अधिकारियों के साथ अजय सोनी ने भी शिरकत की। यहाँ उन्होंने माताओं के साथ नन्हे बच्चों को अन्नप्राशन कराने के सौभाग्य को साझा किया। “कृण्वंतों विश्वं आर्यं” के संकल्प के साथ अजय सोनी ने कहा कि गांव का सर्वांगीण विकास ही उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर कई जिला स्तरीय अधिकारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।











