*कौशाम्बी।* दोआबा की माटी के लालों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती। लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में कौशाम्बी के स्काउट सुमित कुमार ओझा और यश मौर्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
प्रदेश भर से आए 14 हजार स्काउट-गाइड्स के बीच सुमित कुमार ओझा का चयन विशेष उपलब्धि रहा। सुमित ने राष्ट्रीय जंबूरी में माननीय राष्ट्रपति महोदया को सलामी दी। इसके साथ ही राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के समक्ष हुई परेड में भी कदमताल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सुमित के साथ यश मौर्य ने भी शानदार प्रदर्शन कर कौशाम्बी का नाम रोशन किया।
शुक्रवार को मंझनपुर के डायट मैदान में आयोजित सम्मान समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार और डायट प्राचार्या निधि शुक्ला ने दोनों होनहारों को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि सुमित और यश जैसे स्काउट्स ने कौशाम्बी के साथ पूरे प्रयागराज मंडल का मान बढ़ाया है। समारोह में जिले के कई प्रधानाचार्य और स्काउट मास्टर मौजूद रहे।
कौशाम्बी को अक्सर पिछड़ा कहा जाता है, लेकिन सुमित और यश ने दिखा दिया कि मौका मिलने पर यहां के युवा राष्ट्रपति के सामने भी पूरे आत्मविश्वास के साथ खड़े हो सकते हैं।










