सन्नाटा! कौशाम्बी की सड़कों पर जब पुलिस ने बिछाया ‘जाल’, तो संदिग्धों के हलक में अटक गई जान!
एसपी के आदेश पर शुक्रवार को पूरे जनपद में महा-चेकिंग अभियान; चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा, बिना तलाशी के परिंदा भी नहीं मार सकता पर!
कौशाम्बी: जब कप्तान का चाबुक चलता है, तो पूरे जिले की सरजमीं पर सिर्फ कानून की धमक सुनाई देती है। जनपद में शांति और सुरक्षा का इकबाल बुलंद करने के लिए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के निर्देशन में शुक्रवार को एक साथ सभी थानों की पुलिस ने सड़कों पर मोर्चा संभाल लिया। जुमे की हलचल और भीड़भाड़ के बीच पुलिस की इस घेरेबंदी ने अराजक तत्वों के पसीने छुड़ा दिए।
सघन चेकिंग अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स ने अपने-अपने इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन तलाशी ली। चेकिंग के दौरान पुलिस का तेवर ऐसा था कि रसूख की आड़ में नियम तोड़ने वालों की हेकड़ी पल भर में हवा हो गई। हर संदिग्ध को रोककर उसकी बारीकी से जांच की गई और साफ संदेश दिया गया कि कौशाम्बी की सड़कों पर अराजकता फैलाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। यह अभियान महज गाड़ियों की जांच नहीं, बल्कि उन तत्वों को सीधी चेतावनी है जो भीड़ का फायदा उठाकर शांति भंग करने का ख्वाब पालते हैं। साहब का आदेश साफ है—जनपद में सिर्फ कानून का राज चलेगा और सुरक्षा में सेंध लगाने वालों का अगला ठिकाना जेल की कालकोठरी होगी।










