यमुना नदी में नाव से अवैध बालू खनन, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

यमुना नदी में नाव से अवैध बालू खनन, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप

खनन माफियाओं के हौसले बुलंद, नदी की धारा और पर्यावरण पर मंडराया खतरा

कौशाम्बी। जनपद में अवैध बालू खनन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कौशाम्बी थाना क्षेत्र के छोटके गढ़वा इलाके का सामने आया है, जहां यमुना नदी में नाव लगाकर खुलेआम अवैध बालू खनन किए जाने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि खनन माफिया नावों के जरिए नदी की धारा से लगातार बालू निकाल रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के अंधेरे से लेकर दिन तक अवैध खनन का खेल जारी रहता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय मौन साधे हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे अवैध खनन से यमुना नदी की प्राकृतिक धारा प्रभावित हो रही है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही नदी किनारे बसे गांवों में कटान की आशंका भी गहराने लगी है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे जीपीएस वीडियो में नाव के सहारे बालू निकाले जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई है।

फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं लोगों की निगाहें अब जिला प्रशासन और खनन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें