मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत कौशाम्बी में चला जागरूकता अभियान, महिलाओं-बालिकाओं को किया गया जागरूक

मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत कौशाम्बी में चला जागरूकता अभियान, महिलाओं-बालिकाओं को किया गया जागरूक

कौशाम्बी। जनपद में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत शनिवार को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और महिला सशक्तिकरण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, महिला अधिकार, नए आपराधिक कानून, साइबर अपराध से बचाव तथा निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी गई। साथ ही शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।

पुलिस टीमों ने 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन और 181 महिला हेल्पलाइन सहित अन्य महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

महिला थाना मंझनपुर, संदीपनघाट, महेवाघाट, कौशाम्बी, कोखराज, चरवा, मंझनपुर, पिपरी, पश्चिम शरीरा, सैनी और करारी थाना क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूलों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन और नारी शक्ति” को विशेष रूप से केंद्र में रखा गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें