सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
कौशाम्बी। जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। तहसील मंझनपुर में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने स्वयं जनशिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर शिकायतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए और कोई भी प्रकरण लंबित न रहने पाए।
इसके साथ ही डीएम ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर पात्र लोगों को ऑनलाइन आवेदन कराकर लाभ दिलाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील मंझनपुर में कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं तहसील सिराथू में 51 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 5 मामलों का तत्काल समाधान किया गया। तहसील चायल में 57 शिकायतें आईं, जिनमें से 1 शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया।










