– बलदाऊ गंज आवास से कलेक्ट्रेट पहुंचे, बोले- ऊर्जा संरक्षण समय की जरूरत
अश्विनी श्रीवास्तव
चित्रकूट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण के आह्वान का असर अब जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं में भी दिखाई देने लगा है। सोमवार को बांदा-चित्रकूट के पूर्व सांसद आर के सिंह पटेल ने आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से अपने चित्रकूट स्थित बलदाऊ गंज आवास से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय तक ई-रिक्शा से यात्रा की।
पूर्व सांसद आर के सिंह पटेल ने इस पहल के माध्यम से लोगों को ईंधन बचाने, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग का संदेश दिया। उनकी इस अनोखी यात्रा की दिनभर क्षेत्र में चर्चा होती रही। स्थानीय लोगों ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को जमीनी स्तर पर उतारने की सार्थक पहल बताया।
सोमवार सुबह पूर्व सांसद अपने सहयोगियों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर बलदाऊ गंज स्थित आवास से निकले और कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। इस दौरान रास्ते में लोगों ने उनका अभिवादन किया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने जिलाधिकारी पुलकित गर्ग से मुलाकात की और जनहित से जुड़े कई मुद्दों को उठाया।
पूर्व सांसद ने जिलाधिकारी को गेहूं खरीद केंद्रों में किसानों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कई केंद्रों पर किसानों को समय पर खरीद और भुगतान में दिक्कतें आ रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा उन्होंने जिले की क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या भी उठाई और कहा कि खराब सड़कों के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है।
जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद पूर्व सांसद पुनः ई-रिक्शा से ही अपने आवास लौटे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज के समय में ऊर्जा संरक्षण बेहद आवश्यक है। यदि लोग छोटी-छोटी दूरी के लिए सार्वजनिक परिवहन और ई-वाहनों का उपयोग करें तो ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ी मदद मिल सकती है।
इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता शक्ति प्रताप सिंह तोमर, राजकुमार त्रिपाठी, पन्ना लाल कोरी, सुरेश अनुरागी, सभासद शंकर यादव, लवलेश त्रिपाठी और शनि कुमार समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।










