बकरीद से पहले कौशाम्बी पुलिस अलर्ट, हाई-इंटेंसिटी बलवा ड्रिल का अभ्यास

बकरीद से पहले कौशाम्बी पुलिस अलर्ट, हाई-इंटेंसिटी बलवा ड्रिल का अभ्यास

कौशाम्बी। आगामी बकरीद त्योहार को देखते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए शुक्रवार को पुलिस लाइन कौशाम्बी में हाई-इंटेंसिटी बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने शुक्रवार परेड की सलामी लेने के बाद पूरी ड्रिल का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ड्रिल के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ भीड़ और बलवाइयों को नियंत्रित करने का अभ्यास किया। इस दौरान टियर गैस गन, एंटी राइट गन, चिली बम, रबर बुलेट और हैंड ग्रेनेड के प्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस टीमों ने चरणबद्ध तरीके से विधि-विरुद्ध भीड़ को समझाने, चेतावनी देने, पानी की बौछार करने, अश्रुगैस छोड़ने और न्यूनतम बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करने का प्रदर्शन किया।

ड्रिल में एलआईयू द्वारा सूचना संकलन, नागरिक पुलिस द्वारा समझाइश, अग्निशमन दल की कार्रवाई और लाठी पार्टी की रणनीति का भी अभ्यास कराया गया। वहीं हिंसक स्थिति की आशंका को देखते हुए फायर पार्टी द्वारा आत्मरक्षा में आग्नेयास्त्रों के प्रयोग की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई।

घायलों के उपचार और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक चिकित्सा टीम और एम्बुलेंस की कार्यप्रणाली का भी अभ्यास किया गया। इसके अलावा रिजर्व पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पिकेट लगाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया। पूरी ड्रिल के दौरान ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई।

पुलिस अधीक्षक ने ड्रिल के दौरान छोटी-छोटी कमियों की ओर ध्यान दिलाते हुए सुधार के निर्देश दिए और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि ऐसी ड्रिल से त्योहारों और संवेदनशील मौकों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलती है।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी कौशाम्बी/लाइन जनेश्वर प्रसाद पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी मंझनपुर शिवांक सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात भैया संतोष कुमार, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन समेत सभी थाना एवं शाखा प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें