थाना करारी में समाधान दिवस, एएसपी राजेश कुमार सिंह ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
कौशाम्बी जनपद के थाना करारी में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने जनसुनवाई कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए एएसपी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच करने तथा प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एएसपी ने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।










