पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण की पहल पर पुलिस परिवार के बच्चों के लिए बुक फेयर व समर कैंप का भव्य समापन

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण की पहल पर पुलिस परिवार के बच्चों के लिए बुक फेयर व समर कैंप का भव्य समापन

कौशांबी। पुलिस अधीक्षक कौशांबी सत्यनारायण के मार्गदर्शन एवं वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से पुलिस लाइन कौशांबी में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए आयोजित बुक फेयर, समर कैंप एवं आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता का रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सीखने की ललक देखने को मिली।

समापन समारोह में वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा शोभा वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन कक्ष में आयोजित बुक फेयर में बच्चों को रियायती दरों पर प्रतियोगी परीक्षाओं, कहानी, उपन्यास एवं अन्य ज्ञानवर्धक विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई गईं। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा उन्हें पुस्तकों से जोड़ना रहा।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पुलिस लाइन में समर कैंप का आयोजन किया गया, ताकि बच्चों को सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके।

16 मई से संचालित समर कैंप के दौरान बच्चों एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कलश पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षण तथा पेंटिंग एवं क्राफ्ट प्रतियोगिताओं के माध्यम से उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ सभी गतिविधियों में भाग लिया।

समापन अवसर पर शोभा वर्मा ने प्रतिभागी बच्चों को पुस्तकें वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों की विशेष सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रभारी वेलफेयर शाखा रतन सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन ने यह संदेश दिया कि पुलिस परिवार के बच्चों के शैक्षिक और व्यक्तित्व विकास के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें