पीडीए जनचौपाल में समाजवादियों ने फूंका 2027 का बिगुल

 

पीडीए की ताकत ही बनाएगी समाजवादी सरकार– विनय सोनकर

 

यूपी फ़ाइट टाइम्स

प्रयागराज। समाजवादी पार्टी द्वारा कोरांव विधानसभा क्षेत्र के गिरगोठा सेक्टर अंतर्गत बेलवनिया गांव में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) जनचौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व रामचंद्र यादव ने किया। इस दौरान बूथ सत्यापन अभियान की समीक्षा की गई तथा कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश दिया गया।

जनचौपाल को संबोधित करते हुए सपा के जिला सचिव विनय सोनकर ने कहा कि वर्तमान सरकार महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने किसानों और मजदूरों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए की एकजुट ताकत ही वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।

जिला उपाध्यक्ष ललन सिंह पटेल ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि खाद की कालाबाजारी और क्रय केंद्रों पर व्याप्त भ्रष्टाचार से किसान परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व कोरांव प्रभारी राजेश पांडेय ने कहा कि समाजवादी कार्यकर्ता जननेता स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के सिद्धांतों पर चलने वाले लोग हैं। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के मुद्दों से ध्यान हटाकर केवल वादे किए जा रहे हैं, जबकि विकास कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं दिखाई दे रहे हैं।

राधेश्याम यादव तथा महिला नगर अध्यक्ष सीमा अंसारी ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे उठाते हुए कहा कि महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाएं चिंता का विषय हैं और प्रशासन को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

कार्यक्रम में बूथ प्रभारी कमलेश यादव, अमित यादव, रमेश कोल, मंगला आदिवासी, बड़े बाबू, रमेश भारती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें