ग्रमीणों ने तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में लगाई न्याय की गुहार।
यूपीफाइट टाइम्स ब्यूरोचीफ लखनऊ
मलिहाबाद, लखनऊ । रहीमाबाद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम तिरगवां के ग्रामीणों ने गांव के बीच संचालित एक मुर्गी फार्म को हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में इस संबंध में एक शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में बताया गया है कि यह मुर्गी फार्म गांव से लगभग 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे बना हुआ है। इसमें करीब 20 हजार मुर्गियां रखी गई हैं। ग्रामीणों, जिनमें मुजम्मिल, दानिश, जीशान, अनीश, आदिल, शादाब, उमेश और नफीस सहित सैकड़ों लोग शामिल हैं, का आरोप है कि फार्म से तेज दुर्गंध आती है। इसके कारण मच्छरों और मक्खियों की समस्या भी बढ़ गई है, जिससे आसपास के क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बदबू इतनी अधिक है कि राहगीरों को मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलना पड़ता है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि फार्म के आसपास के बागों में गंदगी फैलने से फलों का सेवन करना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जांच कर इस मुर्गी फार्म को तत्काल हटवाया जाए, ताकि गांव के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।
इस मामले पर एसडीएम मलिहाबाद अंकित कुमार ने जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।










