मोहम्मद सुहेल, ब्यूरो चीफ श्रावस्ती
श्रावस्ती
श्रावस्ती जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र के दंदौली गांव में रविवार शाम खेत की ओर जा रहे एक किसान की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही बताते हुए जांच कर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दंदौली गांव निवासी 50 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र त्रिलोकी रविवार शाम करीब पांच बजे किसी निजी कार्य से खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बिजली के खंभे से लटक रहे अर्थिंग के तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गिलौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिनगा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के खंभों से अर्थिंग के तार लटक रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने, जर्जर व्यवस्था को दुरुस्त कराने तथा मृतक किसान के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।










