पटियाली में दिनदहाड़े बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़, चार राउंड फायरिंग; दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, तीसरा गिरफ्तार

Lघर में घुसकर दंपती को बनाया बंधक, एक बदमाश छत से कूदकर भागा, पुलिस ने घेराबंदी कर दो को दबोचा

 

पटियाली कासगंज राहुल तिवारी

 

 

कासगंज जनपद के पटियाली कस्बे में शुक्रवार शाम दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गंजडुंडवारा रोड स्थित एक मकान में घुसे तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपती को बंधक बनाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान की घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करीब चार राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली में भर्ती कराया, जबकि तीसरे बदमाश को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

 

जानकारी के अनुसार, राहुल यादव पुत्र रविंद्र यादव अपनी पत्नी टिंकी यादव और 10 वर्षीय पुत्र आर्यांश के साथ गंजडुंडवारा रोड स्थित मकान में रहते हैं। शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे स्प्लेंडर बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही राहुल ने दरवाजा खोला, बदमाशों ने तमंचे की बट से उनकी नाक पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया और दंपती को बंधक बनाने का प्रयास किया।

 

 

पीड़िता टिंकी यादव ने बताया कि किसी तरह दोनों बदमाशों के चंगुल से निकलकर बाहर आए और शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसी दौरान एक बदमाश तीन मंजिला मकान की छत से कूदकर भागने का प्रयास करने लगा, जबकि दो बदमाश मकान के भीतर ही घिर गए।

 

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इंस्पेक्टर अजयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने पूरे मकान की घेराबंदी कर दी। घिरे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें