ड्राइविंग का मेहनताना और फसल का हिस्सा न मिलने पर चौकी प्रभारी को दिया शिकायती पत्र
कौशाम्बी।
कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर चौकी में एक बटाईदार किसान ने गांव के ही एक व्यक्ति पर तैयार फसल को ट्रैक्टर से जुतवाने, ड्राइविंग का मेहनताना न देने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता चंद्रप्रकाश पुत्र श्री राम, निवासी ग्राम भदवा ने चौकी प्रभारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह कई वर्षों से गिरधरपुर गांव के राजेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय रामदेव का खेत बटाई पर लेकर खेती करता था। साथ ही वह उनका ट्रैक्टर भी चलाता था, जिसका मेहनताना भी अभी तक नहीं दिया गया।
आरोप है कि खेत में तैयार खड़ी मक्का और बैंगन की फसल को ट्रैक्टर से जुतवा दिया गया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ। जब उसने अपने हिस्से की रकम और ड्राइविंग का बकाया मांगा तो उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने पुलिस से फसल के नुकसान और बकाया राशि दिलाने के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।










