पीएचसी पश्चिम शरीरा का डीएम ने किया आकस्मिक निरीक्षण, साफ-सफाई सुधारने के दिए निर्देश

 

निहाल शुक्ला

कौशांबी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पश्चिम शरीरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक उपस्थित मिले। फार्मासिस्ट प्रतिकर अवकाश पर थे, जबकि लैब असिस्टेंट फील्ड ड्यूटी पर होने के कारण अस्पताल में मौजूद नहीं मिले। शेष समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

 

निरीक्षण में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली संचालित मिली। जिलाधिकारी ने ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया तथा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई अपेक्षाकृत संतोषजनक न मिलने पर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में खड़ी एम्बुलेंस का भी निरीक्षण किया, जिसमें सभी आवश्यक उपकरण एवं दवाएं मानक के अनुरूप उपलब्ध मिलीं।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रसव वार्ड में भर्ती एक लाभार्थी से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। लाभार्थी ने उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को साफ-सफाई की व्यवस्था और अधिक बेहतर बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें