राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में कौशाम्बी कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, पुलिस से हुई नोकझोंक।

 

मंझनपुर, कौशाम्बी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज तथा प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी कौशाम्बी ने जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में मंझनपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।

 

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे थे, लेकिन उनके साथ पुलिस द्वारा कथित रूप से लाठीचार्ज, आंसू गैस और बल प्रयोग किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया तथा उनके समर्थन में प्रधानमंत्री आवास के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय सहित कई वरिष्ठ नेताओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें गिरफ्तार किया गया।

 

गौरव पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसान, छात्र, नौजवान और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, छात्र अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं और जनहित से जुड़े कई मुद्दों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। इन सभी विषयों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।

 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच कुछ देर तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शांतिपूर्वक जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंप दिया।

 

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव रामबहादुर त्रिपाठी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष आशीष मिश्रा ‘पप्पू’, राम सूरत रैदास, नैय्यर रिजवी, उदय यादव, अलकमा उस्मानी, जिला महासचिव आसिफ अल्वी, जयप्रकाश जायसवाल, जिला सचिव रमेश यादव, हेमंत रावत, फौजिया बानो, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सचिन पाण्डेय, विवेक मिश्रा, नगर अध्यक्ष मंझनपुर संगीता कोरी, नगर अध्यक्ष चरवा निक्की पाण्डेय, नगर अध्यक्ष करारी शकील अब्बास, आयुष यादव, अवधेश कुमार, संदीप कुमार, छोटे लाल, बिफई लाल, नथन लाल, अशर्फी लाल, नौशे आलम, प्रियांशु त्रिपाठी, कमल सिंह, अखिलेश त्रिपाठी, अरुण सिंह, मन्नी बेगम, मीना देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें