छह अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी की भैंस से मंदिर के घंटे तक बरामद—दुष्कर्म और नाबालिग को भगाने के मामलों में भी वांछित दबोचे गए*

 

*ऑपरेशन चक्रव्यूह में कौशाम्बी पुलिस का बड़ा वार*

*छह अभियुक्त गिरफ्तार, चोरी की भैंस से मंदिर के घंटे तक बरामद—दुष्कर्म और नाबालिग को भगाने के मामलों में भी वांछित दबोचे गए*

कौशाम्बी। अपराधियों के खिलाफ कौशाम्बी पुलिस का ऑपरेशन चक्रव्यूह लगातार शिकंजा कस रहा है। 29 अगस्त को जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनमें चोरी के आरोपी, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का वांछित अभियुक्त, नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने वाला आरोपी और दो वारंटी अभियुक्त शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान चोरी की भैंस तथा धर्मस्थल से चोरी किए गए 14 घंटे और 28 ताले मय सिकड़ी बरामद किए गए।

चरवा पुलिस ने अरई सुमेरपुर गांव में घर के बाहर बंधी भैंस चोरी के मामले का खुलासा करते हुए मिखान सरोज पुत्र छोटे लाल निवासी अरई सुमेरपुर को बेरुआ बंधा के पास ईंट-भट्ठे से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी की भैंस बरामद हुई। मामले में धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पश्चिम शरीरा पुलिस ने धर्मस्थल से चोरी के मामले में मधुनीलाल पुत्र चिबई पासी निवासी बैशकांटी को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह 28 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे बरम बाबा धर्मस्थल से घंटे और अन्य सामान चोरी कर भाग रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 पीली धातु के घंटे और 28 ताले मय सिकड़ी बरामद किए।

चरवा पुलिस ने करीब डेढ़ वर्ष से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और शादी से इनकार करने के मामले में वांछित सुदेश कुमार उर्फ लाला पुत्र स्वर्गीय राम प्रकाश निवासी मदायनपुर, थाना पूरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने पर इस मामले में धारा 69/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया।

वहीं पश्चिम शरीरा पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित नजीर खान पुत्र स्वर्गीय सब्बीर खान निवासी रानी बाजार, सोहावल, जनपद फैजाबाद को खपड़िहा नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया। मामले में धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

ऑपरेशन के दौरान मोहब्बतपुर पइंसा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित वारंटी अभियुक्त रामू पुत्र हरि प्रसाद निवासी अर्जलपुरवारी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 113/2023, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

इसी क्रम में सैनी पुलिस ने विद्युत अधिनियम से जुड़े मामले में वारंटी अभियुक्त अनीता देवी पत्नी राजेश निवासी रामपुर धमावां को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ वाद संख्या 1094/2018 में धारा 135 विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई लंबित थी।

एक साथ छह गिरफ्तारियों और चोरी के सामान की बरामदगी ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कौशाम्बी पुलिस की कार्रवाई को खासा प्रभावी बना दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें