विसर्जन यात्रा : चप्पे-चप्पे पर रहेगा खाकी का पहरा
मंझनपुर, कौशाम्बी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा को लेकर कौशाम्बी पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। मंगलवार को जिलेभर में निकलने वाली विसर्जन यात्राओं के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील स्थलों, विसर्जन मार्गों तथा जलाशयों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि विसर्जन यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखें।
जिले में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। जुलूस निर्धारित मार्गों से ही गुजरेंगे। प्रमुख चौराहों, तिराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकता पड़ने पर वाहनों की आवाजाही भी नियंत्रित की जाएगी।
जलाशयों पर रहेगी विशेष निगरानी
प्रतिमा विसर्जन स्थलों, तालाबों, नहरों और अन्य जलाशयों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस कर्मी मुस्तैद रहेंगे। आयोजन समितियों से भी प्रशासनिक निर्देशों का पालन कराने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि विसर्जन यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भ्रामक सूचना फैलाने अथवा धार्मिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप कर शांति व्यवस्था कायम रखी जाएगी।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।









