पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को सलामी, परिजनों को किया गया सम्मानित

**पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को सलामी, परिजनों को किया गया सम्मानित**

*शहीद स्मारक स्थल पर हुई परेड, मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि*

कौशाम्बी। कर्तव्य पथ पर प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर याद किया गया। सुबह आठ बजे पुलिस लाइन्स परिसर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के नेतृत्व में परेड हुई। इसमें शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया गया।

परेड की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक की ओर से भेजा गया संदेश पढ़कर सुनाया। इसके बाद उन्होंने और अन्य पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सम्मान गार्ड ने शोक परेड कर सलामी दी और शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया।

एक सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद किया गया। इस अवधि में उत्तर प्रदेश पुलिस के छह जवान शहीद हुए। पुलिस अधीक्षक ने उनके कर्तव्यों का ब्योरा पढ़कर सुनाया।

कार्यक्रम में जनपद में रहने वाले शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने उनके प्रति संवेदना जताई और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख में भारत-चीन सीमा पर सीआरपीएफ के 10 जवान दुश्मनों का सामना करते हुए शहीद हो गए थे। उन्हीं की याद में हर वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, सीएफओ, सभी थानाप्रभारी, शाखा प्रभारी और प्रतिसार निरीक्षक समेत कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें