डीएम की चौपाल में खुला गुवारा तैयबपुर की समस्याओं का पिटारा, लापरवाहों को दी सख्त चेतावनी

डीएम की चौपाल में खुला गुवारा तैयबपुर की समस्याओं का पिटारा, लापरवाहों को दी सख्त चेतावनी

कौशाम्बी। शासन की “गाँव की समस्या, गाँव में समाधान” मुहिम को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल खुद मोर्चे पर उतर आए हैं। आज विकास खंड मंझनपुर के गुवारा तैयबपुर गाँव में आयोजित ग्राम चौपाल में डीएम ने न केवल जनसमस्याएं सुनीं, बल्कि नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन कर विकास कार्यों को रफ्तार दी।

​चौपाल के दौरान डीएम का सख्त रुख देखने को मिला। उन्होंने लाभार्थियों से सीधे संवाद कर पेंशन, शौचालय, राशन और कन्या सुमंगला योजना की जमीनी हकीकत जानी। डीएम ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और जो पात्र लोग छूट गए हैं, उन्हें तत्काल लाभान्वित किया जाए। स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता और अध्यापकों की उपस्थिति को लेकर डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को विद्यालय की जांच कर 19 पैरामीटर पर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया।

​ग्रामवासियों द्वारा संगम गेस्ट हाउस से संपर्क मार्ग के बदहाल होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के माध्यम से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को गांव में कैंप लगाकर आयुष्मान कार्ड बनाने और पशुपालन विभाग को पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए पाबंद किया।

​मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने ग्रामीणों को बड़ी राहत देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में पात्र पाए गए 281 लोगों को जल्द ही पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और नन्हें बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। जल निगम के अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मार्च 2026 तक गाँव में पाइपलाइन से पेयजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें