मेगा विधिक सहायता शिविर को लेकर प्री-कैम्प आयोजित

– श्रमिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी

अश्विनी श्रीवास्तव 

चित्रकूट।उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में आयोजित किए जाने वाले मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर को सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को प्री-कैम्प का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्रकूट द्वारा अध्यक्ष/जिला जज शेषमणि शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

रविवार को दिनांक 08 फरवरी 2026 को ट्रैफिक चौराहा (धनुष चौराहा) पर आयोजित इस प्री-कैम्प में विशेष रूप से श्रमिक वर्ग को लक्षित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने श्रमिकों के बीच पैम्पलेट वितरित कर उन्हें विधिक सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।

प्री-कैम्प में बताया गया कि आगामी 22 फरवरी 2026 को राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर, सीतापुर में एक दिवसीय मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में शासन के विभिन्न विभागों के समन्वय से श्रमिकों एवं अन्य पात्र नागरिकों को जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि मेगा शिविर के दौरान श्रमिकों से संबंधित योजनाओं के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा, श्रम कानून, पेंशन, बीमा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण सहित अन्य विभागों की योजनाओं के संबंध में भी पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने श्रमिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेगा शिविर में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं तथा जरूरतमंदों तक इस जानकारी को पहुंचाने में सहयोग करें।

Up Fight Times
Author: Up Fight Times

और पढ़ें
और पढ़ें